हरदोई। पाली कस्बे के मोहल्ला बिरहाना में पांच दिन पहले हुए विवाद में बृहस्पतिवार शाम 12वीं के छात्र को एक किशोर ने तमंचे से गोली मार दी। घायल छात्र की अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह से छात्र की हत्या के मामले में माहौल गरमाया रहा। छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित करने को लेकर एक वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सुबह नौ बजे पंथवारी देवी मंदिर पर एकत्रित होने को आह्वान किया गया था। इसके बाद मंदिर पर लगभग 200-300 युवक एकत्र हो गए। इसके बाद भीड़ ने जुलूस निकाला। इस दौरान जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।
एक गाड़ी के शीशे भी तोड़ डाले। वहीं, हत्यारोपी युवक के घर भी जमकर पथराव किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और भीड़ को रोकने का प्रयास किया। पथराव में कुछ लोग भी घायल हुए है पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को समझाकर शांत कराया। साथ ही, जल्द से जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पाली थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी संजय सिंह का पुत्र युवराज (17) 12वीं का छात्र था। बृहस्पतिवार शाम वह पाली कस्बे के मोहल्ला बिरहाना में निर्माणाधीन पुलिस चौकी के पास खड़ा था। इसी दौरान उसके परिचित का एक किशोर आया।
पांच दिन पहले एक किशोरी को लेकर हुए विवाद में दोनों के बीच फिर नोकझोंक हुई। इस दौरान किशोर ने युवराज के सीने में तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने के बाद लगभग 100 मीटर तक युवराज भागा और फिर गिर पड़ा। इसी बीच उसका एक दोस्त वहां पहुंचा। उसने पुलिस को सूचना दी और घायल को लेकर पीएचसी पाली पहुंचा। वहां डॉक्टर और फार्मासिस्ट नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने एम्बुलेंस भी खोजी, लेकिन एम्बुलेंस भी नहीं थी। पुलिस अपने वाहन से घायल को सीएचसी सवायजपुर ले गई, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। देर शाम युवराज की मौत हो गई।







