लखीमपुर खीरी। पलिया क्षेत्र के पटिहन गांव स्थित इंदिरा आवास कॉलोनी में शनिवार की सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में मिला जिसपर परिजनों का आरोप है कि दूसरे गांव का एक युवक किशोरी की हत्या कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमरे में मृत मिली आरती, गला दबाकर हत्या की आशंका
मृतका की पहचान संतोष शर्मा की पुत्री आरती (17) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो आरती का शव जमीन पर पड़ा मिला। पिता संतोष शर्मा का आरोप है कि पास के गांव का एक युवक उनकी बेटी से छिपकर मिलने आया था और उसी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी को घटनास्थल से भागते हुए दो अन्य लोगों ने देखा था।
युवक के खिलाफ किया मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पलिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मृतका के पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







