सहारनपुर। सोमवार सुबह बड़गांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत भटपुरा गांव में कक्षा नौ के छात्र आदित्य का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान बड़गांव निवासी आदित्य 15 वर्ष के रूप में हुई है। शव के ऊपर चादर डाली गई थी, जिससे शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं लग सका। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और थाने का घेराव कर विरोध जताया।
परिजनों ने कहा आत्महत्या नहीं हत्या
परिजनों का कहना है कि आदित्य ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर उसे पेड़ पर लटकाया गया है। जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और थाने का घेराव कर लिया।
पिता ने गांव के दो लोगों पर लगाया आरोप
मृतक के पिता ने गांव के ही दो लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि आदित्य की किसी से कोई रंजिश नहीं थी, लेकिन कुछ लोग उसे परेशान करते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। देवबंद क्षेत्राधिकारी (सीओ) रविकांत पाराशर ने बताया कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। अभी तक थानाध्यक्ष से संपर्क नहीं हो सका है।







