कांठ। घरेलू कलह के चलते हुए झगड़े में बेटे ने अपने ही पिता पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली लगने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह मामला छजलैट थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
सूत्रों के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच पहले भी पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी होती रहती थी। बीते दिन दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जिसके दौरान गुस्से में बेटे ने तमंचा निकालकर अपने पिता पर फायर कर दिया। गोली उनके कंधे में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घायल किसी तरह जान बचाकर गांव की ओर भागा और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने गंभीर अवस्था में उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस गांव में पूछताछ कर रही है, लेकिन पारिवारिक मामला होने के कारण परिजन शिकायत दर्ज कराने से बच रहे हैं।
छजलैट थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहरावत ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामला दर्ज होने पर कार्रवाई की जाएगी।







