Patna News: पटना में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के आलमगंज थाना क्षेत्र में लूटपाट के दौरान बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना निर्माणाधीन पुल के पास स्थित कावेरी स्वीट्स के नजदीक हुई। वारदात के बाद आरोपी युवक का मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान कुणाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सुपौल जिले का निवासी बताया जा रहा है। वह किसी काम से पटना आया हुआ था और कावेरी स्वीट्स के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चार बदमाशों ने उसे घेर लिया।
बताया जाता है कि बदमाशों ने पहले युवक के साथ धक्का-मुक्की की और उसका सामान छीनने की कोशिश की। जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसके पास मौजूद मोबाइल फोन और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए Nalanda Medical College Hospital (एनएमसीएच) पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







