हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपी को 2 किलो 700 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी विनोद कुमार, मूल रूप से बेहटागोकुल (हरदोई, उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में चंडीघाट क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था।
इंस्पेक्टर रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार रात रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक भागने लगा। शक गहराने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.7 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।







