फर्रुखाबाद। कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में घर के अंदर बरामदे में सो रही पत्नी की लकड़ी की फंटी से हमला कर पति ने हत्या कर दी। बच्चों की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। अस्पताल ले जाने के बाद शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना क्षेत्र के गांव नगला जोध निवासी धीरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू ने सोमवार की रात करीब 11 बजे घर के बरामदे में सो रही पत्नी आरती (33) की लकड़ी की फंटी से हमला कर हत्या कर दी। आवाज सुनकर जागे बच्चों ने लहूलुहान मां को देखा, तो बाबा को सूचना दी। जानकारी होते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
थानाध्यक्ष राजेश राय, खुदागंज चौकी प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस आरती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस ने रात में पति धीरेंद्र उर्फ रिंकू को हिरासत में लेकर घटनास्थल से आलाकत्ल बरामद कर लिया। हादसे की भनक लगते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव डूंगरपुर स्थिर मायके से आरती के पिता प्रताप सिंह परिजनों के साथ पहुंच गए।







