नोएडा – सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसके सौतेले पिता ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने चोरी-छिपे अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों की सतर्कता से उसकी योजना विफल हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी आरेन्द्र मूल रूप से शाहजहांपुर का निवासी है और अपनी दूसरी पत्नी व दो सौतेली बेटियों के साथ सूरजपुर क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रह रहा था। वह पास की फैक्टरी में नौकरी करता था। रविवार को जब घर में कोई नहीं था, तब उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।
पड़ोसियों को जब अंतिम संस्कार की तैयारी का संदेह हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। मृतका की मां ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।






