कानपुर। साढ़ थाना इलाके के बिरसिंहपुर गांव में मंगलवार शाम 1.43 लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में भाई ने सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका अपने पिता के बुलावे पर भाइयों के बीच चल रहे लेनदेन के विवाद को निपटाने के लिए मायके पहुंची थी। घटना के दौरान आरोपी के नाबालिग बेटे ने पिता के एक भाई को कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया। बिरसिंहपुर गांव निवासी सतीशचंद्र शुक्ला ने बताया कि उनके चार बेटों में सबसे बड़ा बेटा बृजेश गांव में रहता है, जबकि दूसरे नंबर का श्रवण शुक्ला कानपुर में रहकर पुरोहित का काम करता है। अन्य दो भाई अभिषेक व रितेश परिवार सहित जयपुर में रहते हैं। उनके अनुसार बृजेश और उसकी पत्नी का घर में आतंक रहता है।
इस वजह से वह अपनी पत्नी सरोज के साथ कभी श्रवण के घर तो कभी बेटियों मंजुला बाजपेई व शालिनी मिश्रा 40 के पास रहने चले जाते हैं। आगे बताया कि बृजेश ने तीनों भाइयों से करीब एक लाख 43 हजार रुपये उधार लिए और नहीं लौटाए। इस वजह से बृजेश की तीनों भाइयों से अनबन हो गई। कई बार विवाद भी हुआ लेकिन गांव के कुछ लोगों के बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। मंजुला बाजपेई ने बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार को ग्राम प्रधान व गांव के कुछ लोगों को बुलाकर पंचायत बैठाकर निपटाने का तय हुआ। विवाद निपटाने के लिए ही कानपुर बक्तौरी पुरवा निवासी छोटी बेटी शालिनी मिश्रा उनके और नौबस्ता निवासी बड़े भाई श्रवण शुक्ला के साथ मंगलवार दोपहर पिता के घर पहुंची।







