आगरा। ट्रांसपोर्ट नगर के सुरजेपुर में 12 मई को घर के सामने शराब पीने से रोकने पर जूता कारीगर प्रिंस (22) पर तीन युवकों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसे कारीगर ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सुरजेपुर, ट्रांसपोर्ट नगर के प्रिंस का 12 मई की शाम को पड़ोसी युवकों को शराब पीने से रोकने पर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनूप, अमित और अविनाश रोजाना प्रिंस के घर के सामने खड़े खराब ट्रक में शराब पीते थे।
इसका प्रिंस ने विरोध किया था। इसी को लेकर झगड़े के बाद तीनों युवकों ने शीतल पेय की बोतल में पेट्रोल लाकर उसके ऊपर उड़ेला और आग लगा दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। झुलसे युवक के परिजन ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अविनाश को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।







