Kanpur News: कानपुर में राज्य कर (एसजीएसटी) विभाग की एसआईबी इकाई ने कल्याणपुर स्थित मधुरम स्वीट्स पर छापेमारी कर लगभग 10 करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला उजागर किया है। विभाग को डाटा विश्लेषण के जरिए गड़बड़ियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उपायुक्त विनय कुमार गौतम के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की।
जांच के दौरान स्टॉक से संबंधित लेखाबही अधूरी पाई गई। फरवरी 2026 और नवंबर 2025 की दैनिक कर चालान सारांश, बिक्री रजिस्टर, नकद व उधार पुस्तिका और बिल बुक को जब्त कर लिया गया। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि फर्म अपनी पारिवारिक इकाई ‘बब्बू ढाबा’ को बिना कर चालान खाद्य सामग्री की आपूर्ति कर रही थी, जिस पर कर का भुगतान नहीं किया जा रहा था।
मधुरम स्वीट्स मिठाई, चाट, समोसा और लस्सी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री का कारोबार करती है। साथ ही नमकीन और चॉकलेट जैसी वस्तुओं का भी व्यापार किया जाता है।
खरीद और बिक्री में असंगति
विभागीय विश्लेषण में पाया गया कि वित्त वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के दौरान फर्म ने अपनी नकद कर देनदारी कम दर्शाई थी। गोपनीय सूचना के अनुसार, ग्राहकों को सभी बिक्री पर बिल जारी नहीं किए जा रहे थे।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मिठाई निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में चीनी की खरीद दिखाई गई, लेकिन उसके अनुपात में कारोबार का विवरण मेल नहीं खा रहा था। बिक्री को कम दर्शाकर कर देनदारी घटाई गई। इसके अलावा चीनी की खरीद और घोषित व्यापारिक आंकड़ों में भी विसंगतियां पाई गईं।







