शादी में खर्च की रकम न मिलने पर धर्मेंद्र ने गला दबाकर की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश। महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में दिव्यांग महिला संजू देवी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्या का आरोप उसी के चचेरे देवर धर्मेंद्र गुप्ता पर लगा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव में 20 जून को संजू देवी (25) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि संजू की शादी 10 जून को रामअवध गुप्ता से हुई थी, जो मूक-बधिर है। रामअवध की शादी का खर्च धर्मेंद्र ने उठाया था और उसके बदले में जमीन चाहता था।
धर्मेंद्र की मांग पूरी न होने पर उसने संजू की हत्या कर दी। इस वारदात का चश्मदीद गवाह खुद आरोपी की नाबालिग भतीजी ममता बनी, जिसने डर के चलते पहले कुछ नहीं बताया, लेकिन पुलिस की सघन पूछताछ में सच उजागर कर दिया।
अब पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







