गोरखपुर- कैंट थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला ठगी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाले युवक ने शादी के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोपी पर युवती को बहला-फुसलाकर गलत इरादों से बाहर ले जाने की साजिश का भी आरोप है।
मोहद्दीपुर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के लिए ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए रिश्ता देखा था। इसी दौरान इटावा निवासी एक युवक ने खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताते हुए संपर्क किया और सरकारी पद पर तैनाती का दावा किया। उसकी बातों और भेजे गए फोटो-वीडियो पर भरोसा कर परिवार ने रिश्ता तय कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में बिना दहेज शादी की बात कही गई, लेकिन बाद में शादी के खर्च के नाम पर आरोपी ने बड़ी रकम की मांग कर दी। परिवार ने दबाव में आकर किस्तों में करीब 15 लाख रुपये दे दिए और धूमधाम से शादी भी कर दी।
शादी के कुछ ही समय बाद परिजनों को युवक की सच्चाई पर शक हुआ। जब वे उसके बताए पते पर पहुंचे तो वहां हालात पूरी तरह अलग मिले। युवती एक साधारण कमरे में मिली, जबकि आरोपी वहां से गायब हो चुका था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहाने से बाहर ले जाकर गलत काम में धकेलने की योजना बना रहा था।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इसी तरह लोगों को झांसा देकर ठगी कर चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।







