नई दिल्ली- उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के समयपुर बादली थाना क्षेत्र के चंदन पार्क में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक महिला और उसके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद से महिला का पति लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मौके पर पहुंची टीम ने देखा तो अंदर चारों शव खून से लथपथ पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में गले में धारदार वस्तु से हत्या की गई है। हालांकि, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिवार के परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी या कोई अन्य वजह तो नहीं है।
फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार पति की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अफवाह न फैले।







