जाखल में नशा माफिया की खुली चुनौती
जाखल। हरियाणा के जाखल गांव में नशे के खिलाफ अभियान चला रहे सरपंच को डराने की कोशिश में असामाजिक तत्वों ने देर रात उनके घर के बाहर खड़े ट्रक को आग के हवाले कर दिया। दो अज्ञात युवक पेट्रोल डालकर ट्रक में आग लगाते हुए सीसीटीवी में कैद हुए हैं। यह घटना नशा विरोधी मुहिम से बौखलाए बदमाशों की करतूत मानी जा रही है।
जाखल गांव में नशा विरोधी अभियान चला रहे सरपंच अर्जुन सिंह के घर के बाहर खड़े ट्रक को शनिवार देर रात दो अज्ञात युवकों ने आग के हवाले कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों युवक पल्सर बाइक पर आए और ट्रक के टायरों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाकर फरार हो गए।
इससे पहले भी करीब छह माह पूर्व सरपंच के घर पर देर रात पथराव की घटना सामने आ चुकी है। बताया जाता है कि गांव में कुछ असामाजिक तत्व स्मैक, हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं। सरपंच द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान से खफा होकर लगातार ऐसी घटनाएं अंजाम दी जा रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू की।
सरपंच प्रतिनिधि दुला राम ने बताया कि ट्रक रोजाना की तरह उनके घर के पास जाखल कुलां रोड पर खड़ा था। रात करीब 2:15 बजे कुछ राहगीरों ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें ट्रक में आग लगने की जानकारी दी। तत्काल ग्रामीणों की मदद से पानी डालकर आग बुझाई गई।
दुला राम के अनुसार, दो दिन पहले ही गांव में एक बैठक कर नशा तस्करों को सख्त चेतावनी दी गई थी और ग्रामीणों से नशा विरोधी अभियान में सहयोग की अपील की गई थी। इस घटना को उसी चेतावनी से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।







