गाजीपुर। गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब पुलिस को आरोपी की लोकेशन की सूचना मिली और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे घेर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए कासिमाबाद-मऊ मार्ग स्थित टोडार मोड़ के पास घेराबंदी की गई थी। जैसे ही पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल अवस्था में आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
इससे पहले पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।







