पंजाब। मुक्तसर पुलिस ने सीमा पार पाकिस्तान से हथियार तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी मलोट और फिरोजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रवि सिंह (गांव छोटा मेगा राय, फिरोजपुर) और संदीप कुमार उर्फ राजू लंबा (गांव बड़ा मेगा राय, फिरोजपुर) को हिरासत में लिया गया।
एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों के पाकिस्तान स्थित तस्करों से संबंध सामने आए। ये गिरोह ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स भारत में पहुंचाता था। बरामद हथियारों में दो 9 एमएम पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी स्थानीय संपर्कों के माध्यम से सीमा पार भेजे गए हथियारों की सप्लाई करते थे। इस कार्रवाई से न केवल अवैध हथियार बरामद हुए हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।







