आगरा। बरहन थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसमें शादीशुदा बेटी के विवाद के चलते गलती से एक युवक की मौत हो गई। पहले यह मामला सड़क हादसे के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने अब इस मामले में पिता-पुत्र और दो अन्य कर्मचारियों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर को बरहन क्षेत्र में पुनीत सिसोदिया का खून से लथपथ शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पुनीत के ममेरे भाई मुकेश चौहान ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने हत्या की असलियत सामने ला दी। पुनीत बाइक से जा रहा था और उसके आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे हादसे का दावा असंभव साबित हुआ।
पूछताछ में आरोपी भानु प्रताप ने खुलासा किया कि उनकी मूल योजना मुकेश चौहान की हत्या की थी। मुकेश उनके परिवार की शादीशुदा बेटी को परेशान कर रहा था और फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इस वजह से बेटी का घर टूटने की स्थिति आ गई थी, जिससे भानु प्रताप ने उसकी हत्या की साजिश रची।
भानु प्रताप के बेटे अनुज धाकरे और दो कर्मचारी मोहित और अनिरुद्ध ने भी इस हत्या में भाग लिया। 19 दिसंबर को जब आरोपी मुकेश की तलाश में निकले, तो पुनीत उसी समय कैफे से बाहर निकले। सर्दी के कारण मुंह ढका होने की वजह से आरोपियों ने उसे मुकेश समझकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक का शव अगले दिन सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के बयान के आधार पर पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।







