अलीगढ़- रक्षाबंधन के अवसर पर ससुराल से मायके आई गर्भवती महिला की दुखद मौत हो गई है। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण बीमारी बताया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया है।
देहली गेट नगला मसानी निवासी अमर यादव ने बताया कि उनकी बहन पूजा यादव की शादी पिछले साल 25 नवंबर को हाथरस जंक्शन के कस्बा मेंड़ू निवासी सचिन यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही सचिन और उनके परिवार द्वारा पूजा का दहेज के लिए उत्पीड़न किया जा रहा था।
पूजा को रक्षाबंधन से दो दिन पहले ससुरालवालों ने मायके भेज दिया था, और वह सात माह की गर्भवती थी। यहां उसकी तबियत बिगड़ी, जिसके बाद उसे कई अस्पतालों में दिखाया गया। फिर आगरा ले जाने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उसे वापस अलीगढ़ लाया गया, जहां 29 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस का कहना है कि यदि मृतक के परिवार से कोई लिखित शिकायत आती है, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।







