बिजनौर- बिजनौर जनपद के गनौरा गांव में नवमी मेले के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार देर रात की है। बेगावाला गांव निवासी 27 वर्षीय नितिन चौधरी, पुत्र बलबीर सिंह, अपने दोस्तों के साथ गनौरा गांव में मेले में घूमने गया था। इसी दौरान गांव के ही सूरज सैनी ने कथित रूप से नितिन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नितिन और सूरज के बीच पिछले दो वर्षों से आपसी रंजिश चल रही थी। आरोपी सूरज सैनी, नूरपुर से सपा विधायक राम अवतार सैनी के चचेरे भाई का बेटा बताया जा रहा है। उसके पिता गनौरा गांव में ‘शांति निकेतन’ नाम से स्कूल भी चलाते हैं। वारदात के बाद पुलिस ने स्कूल परिसर में भी जांच की।
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस उपाधीक्षक नगीना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







