राजस्थान: प्रतापगढ़ जिले के धमोत्तर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पारिवारिक कलह के चलते पत्नी और बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जबकि बेटे और भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि बिल्ली खेड़ा गांव निवासी प्रेमचंद मीणा ने पहले अपने बड़े भाई मूलचंद की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसी दौरान सो रहे भतीजे मनोज पर हमला किया गया, जिससे उसका कान कट गया। किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई।
इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और पत्नी सविता पर वार कर उसकी भी हत्या कर दी। आरोपी ने अपने बेटे पर भी हमला किया, लेकिन वह घायल अवस्था में भाग निकला। ग्रामीणों ने आरोपी से कुल्हाड़ी छीनकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बेरोजगारी और परिवार के तानों से परेशान था और मानसिक रूप से भी अस्वस्थ बताया जा रहा है। एफएसएल टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं। इस दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत का माहौल है।







