Uttarpradesh News: शामली जनपद में सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। मामला उस वक्त सामने आया जब एक फेसबुक अकाउंट से पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी की हथियारों के साथ तस्वीर साझा की गई। पोस्ट वायरल होते ही शिकायत दर्ज कराई गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार सहारनपुर के गंगोह निवासी रोहित प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि कैराना क्षेत्र के गांव बीनड़ा निवासी युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर संदिग्ध तस्वीर पोस्ट की है। शिकायत में आशंका जताई गई कि संबंधित युवक के विदेशी संपर्क हो सकते हैं और उसके अकाउंट की जांच की जानी चाहिए।
वायरल तस्वीर में Shahzad Bhatti हथियारों के साथ नजर आ रहा था। मामला तूल पकड़ने के बाद डीजीपी कार्यालय से स्थानीय पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश मिले। एसपी एनपी सिंह के निर्देशन में सीओ कैराना के नेतृत्व में साइबर क्राइम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस ने पोस्ट करने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्वीर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार की गई थी और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर वायरल किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।







