उत्तर प्रदेश। बागपत जनपद के बड़ौत में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार की रात बिजरौल गांव के जंगल में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पकड़ी। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपी के पास से 12 तमंचे, एक कारतूस, तीन खोखे और 12 अधबनी नाल व अवैध हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सीओ सविरत्न गौतम को मुखबिर ने सूचना दी कि बिजरौल गांव के जंगल में एक खंडहर मकान में कुछ लोग अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना पर सीओ ने इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा को टीम के साथ मौके पर भेजा तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी कसमू भागने में कामयाब रहा, जबकि एक आरोपी इरशाद पुत्र इमामूद्दीन निवासी मिलाना थाना दोघट को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने वहां से 12 तमंचे, एक कारतूस, तीन खोखे, 12 अधबनी नाल व अवैध हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए अवैध हथियारों की डिमांड आ जाती है, जिसको देखते हुए हम अवैध तमंचे तैयार कर रहे थे। बताया कि हथियार तैयार करने के बाद दिल्ली, शामली, मेरठ और हरियाणा आदि जगहों पर सप्लाई करते हैं। मेरठ में भी एक ऐसी ही फैक्टरी में काम किया है।







