मौलवी पर बालक को रस्सी से बांधकर मारने का आरोप
हरियाणा। गुरुग्राम के पसीना गांव में मदरसे के मौलवी पर नौ वर्षीय बच्चे की बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि बच्चा रविवार को मदरसे नहीं गया था, जिस पर अगले दिन मौलवी ने उसे कथित रूप से रस्सी से बांधकर पीटा।
शाम को जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां उसे तलाशते हुए मदरसे पहुंचीं। वहां बच्चे ने पिटाई की बात बताई। इसके बाद परिजन उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहां मेडिकल जांच में पीठ और पैरों पर चोट के निशान पाए गए।
परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना सेक्टर-29 प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, बाल कल्याण समिति ने भी मामले का संज्ञान लिया है। समिति के सदस्य डॉ. मुकेश आर्य ने कहा कि बुधवार को वे गांव पहुंचकर जांच करेंगे और दोषी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







