अमृतसर (पंजाब)- पंजाब के अमृतसर जिले के भुल्लर गांव में बुधवार देर रात पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मंजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब मंजीत अपनी कार में बैठा हुआ एक चिकन शॉप के बाहर मौजूद था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार कुछ हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के मंजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। परिजनों का कहना है कि मंजीत का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते पहले भी मामला दर्ज हो चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।







