मुरादाबाद। निजी अस्पताल में नर्स को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी डॉ. शाहनवाज, वार्ड बॉय जुनैद और नर्स मेहनाज को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार दोपहर पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। वहीं रविवार रात करीब एक बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। डिलारी थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी ठाकुरद्वारा के एक निजी अस्पताल में 10 माह से नर्स का काम कर रही थी। शनिवार शाम करीब सात बजे वह ड्यूटी पर गई थी। आरोप है कि शनिवार देर रात नर्स को दूसरी नर्स मेहनाज और वार्ड बॉय जुनैद ने साजिश के तहत डॉ. शाहनवाज के कमरे में बंद कर दिया था।
जहां डाॅक्टर ने नर्स के साथ दुष्कर्म किया। नर्स बचाव के लिए चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। रविवार को दूसरे स्टाफ के आने पर नर्स घर पहुंची और परिजनों की मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजन नर्स को लेकर ठाकुरद्वारा कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर डॉक्टर सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने तीनों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया। अस्पताल में नर्स से दुष्कर्म के मामले में डॉक्टर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सोमवार को तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस मामले में विवेचना पूरी करने के बाद जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।







