मोगा, पंजाब – जिले में नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत मोगा पुलिस ने दो हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना मेहना की पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से 300 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गांधी के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
डीएसपी धर्मकोट राजेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना मेहना के प्रभारी एसआई जनक राज और एएसआई नाहर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, जब उन्हें बुघीपुरा चौक के पास एक मुखबिर से अहम सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि दो युवक – गुरसेवक सिंह और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श, जो फिरोजपुर जिले के निवासी हैं, भारी मात्रा में हेरोइन लेकर मोटरसाइकिल (PB-05-AM-5238) से मोगा की ओर आ रहे हैं।
सड़क नाकाबंदी और गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने बुघीपुरा से बोहना रोड लिंक के पास नाकाबंदी की। कुछ देर में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक वहां पहुंचे, जिन्हें तुरंत काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 300 ग्राम हेरोइन, OPPO और VIVO ब्रांड के दो मोबाइल फोन, 300 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
केस दर्ज, पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जांच में पता चला है कि गुरसेवक सिंह के खिलाफ पहले से तीन एनडीपीएस केस दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि इनकी सप्लाई चैन और अन्य साथियों के बारे में विस्तृत जांच की जा सके।







