मोगा (पंजाब) – जिले के बाघापुराना क्षेत्र के एक रिहायशी इलाके में नकली देशी घी तैयार करने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। स्थानीय पुलिस ने छापेमारी कर मौके से करीब 200 किलोग्राम नकली घी, बड़ी मात्रा में ब्रांडेड पैकिंग सामग्री और घी बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
सोशल मीडिया से सीखा नकली घी बनाना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह धंधा सोशल मीडिया पर देखे गए वीडियो से सीखा था। वे रिफाइंड तेल, डालडा और हानिकारक केमिकल्स को मिलाकर नकली घी तैयार करते थे और उसे बाजार में ‘सिफ्ती’ और ‘रुद्रा’ जैसे प्रसिद्ध ब्रांडों की पैकिंग में भरकर बेचते थे।
पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई
पुलिस की यह कार्रवाई पीसीआर इंचार्ज खेम चंद पराशर की अगुवाई में की गई। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा गया था। मौके पर मिले सारे घी और सामग्री को फूड सेफ्टी विभाग की निगरानी में सील कर दिया गया है और नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
जिला फूड सेफ्टी अधिकारी लवदीप सिंह ने पुष्टि की कि सैंपलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मकान मालिक पर भी शक की सुई
सूत्रों का कहना है कि जिस मकान में यह फैक्टरी चल रही थी, उसका मालिक बाघापुराना में किराने की दुकान भी चलाता है। अतीत में भी उसकी दुकान से बड़ी मात्रा में नकली घी बरामद किया जा चुका है। संदेह है कि वह लंबे समय से नकली घी तैयार कर खुदरा बाजार में खपा रहा था।







