मेरठ। रोहटा क्षेत्र के अट्टा चिंदौड़ी गांव के पास दिनदहाड़े एमसीए के छात्र कार्तिक चौधरी (21) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भदौड़ा गांव निवासी बीपीएड के छात्र अनुभव उर्फ शूटर ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक के परिजनों की ओर से रोहटा थाने में अनुभव और उसके अज्ञात दोस्त के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
रोहटा गांव निवासी रालोद नेता प्रवीण चौधरी का बेटा कार्तिक गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में एमसीए का छात्र था। मंगलवार दोपहर वह मौसी के बेटे अक्षय के साथ चिंदौड़ी गांव में दोस्त से मिलने जा रहा था। अक्षय ने बताया कि जब वह रासना-कल्याणपुर मार्ग पर अट्टा गांव से पहले उत्सव मंडप के पास पहुंचे तो भदौड़ा गांव निवासी अनुभव ने उन्हें रोक लिया। उसके साथ एक अन्य युवक था। यहां अनुभव की कार्तिक से बहस हुई।
इसके बाद उसने तमंचे से सीने में गोली मार दी। घटना के बाद अनुभव और उसका साथी भाग गए। अक्षय लोगों की मदद से कार्तिक को बाइक पर अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि अक्षय की तहरीर पर अनुभव और उसके साथी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
भदौड़ा गांव निवासी अनुभव पुत्र जितेंद्र ने निशानेबाजी की कोचिंग ली है। वह शूटिंग में प्रतिभाग करता रहा है। आजकल मेरठ से बीपीएड का रहा था। गांव में उसे लोग अनुभव उर्फ शूटर कहते हैं। मृतक कार्तिक के माता-पिता दोनों ही दिव्यांग हैं। पिता गांव में खेती करते हैं। छोटा भाई सार्थक 11वीं में है। कार्तिक की हत्या के बाद परिजन बिलखते रहे। मां गीता का रोकर बुरा हाल हो गया।







