विवाद के बाद आरोपी ने ताबड़तोड़ 18 वार कर की युवक की हत्या
मेरठ। यूपी के मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के भूनी गांव में 29 वर्षीय राजमिस्त्री पवन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पवन के सिर पर आरोपी सोनू त्यागी ने करीब 15 सेकंड में 18 बार ईंट से वार किए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
पुलिस ने हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पवन और आरोपी के बीच पहले दिन के दौरान विवाद हुआ था। पवन कुछ समय से निर्माण सामग्री अन्य दुकानों से खरीद रहा था, जिससे आरोपी नाराज़ था। रविवार रात पवन घर के बाहर डेयरी के चबूतरे पर सो रहा था, तभी आरोपी वहां आया और ताबड़तोड़ वार कर उसे मार डाला।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फुटेज के आधार पर आरोपी से पूछताछ की जाएगी। मौके पर एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।







