कुरुक्षेत्र। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक सेल ने 326 किलो से अधिक चूरा पोस्त की बरामदगी से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के नीमच जिले के सीमखेड़ा गांव निवासी मंगल पंवार के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
मामला जुलाई 2024 का है। 24 जुलाई को एंटी नारकोटिक सेल की टीम मुर्तजापुर बस अड्डे के पास संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने नाकाबंदी कर राष्ट्रीय राजमार्ग-152 डी पर एक कैंटर को रोका। वाहन की तलाशी राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में ली गई, जिसमें आठ कट्टों से 326 किलो 560 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
कैंटर चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोड़ निवासी देवराज के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सदर पिहोवा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी गई।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 26 जुलाई को नशीला पदार्थ मंगवाने के आरोप में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बददु निवासी सोहन लाल और सिमानी निवासी सुनील दत्त को भी गिरफ्तार किया था।
मामले की आगे की जांच में पुलिस को नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े मंगल पंवार के बारे में जानकारी मिली। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी के लिए अंबाला मंडल के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगल पंवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।







