मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित मझोला थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यूट्यूब पर वीडियो देखकर पैसा दोगुना करने और मुफ्त आईफोन पाने के झांसे में आकर एक परिवार ने अपने ₹18.47 लाख गंवा दिए। साइबर ठगों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए न तो कोई फोन कॉल किया और न ही कोई मैसेज भेजा, बल्कि केवल यूट्यूब वीडियो और फर्जी ऐप के जरिए पूरे परिवार को ठगी का शिकार बना लिया।
मिलन विहार मीरपुर निवासी युवती ने यूट्यूब पर एक लुभावना वीडियो देखा, जिसमें दिए गए ऐप के जरिए निवेश करने पर रकम दोगुनी करने और साथ में नया आईफोन देने का दावा किया गया था। झांसे में आकर युवती ने अपने फोन में वह ऐप डाउनलोड कर लिया। जैसे ही ऐप के जरिए लेनदेन की प्रक्रिया शुरू हुई, साइबर अपराधियों ने पीड़ित की पत्नी और बहन के बैंक खातों का एक्सेस हासिल कर लिया और देखते ही देखते 18 लाख 47 हजार रुपये उड़ा दिए।
बैंक खातों से इतनी बड़ी रकम अचानक गायब होने पर परिजनों के होश उड़ गए। मामले की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई। साइबर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम फर्जी ऐप, यूट्यूब वीडियो के लिंक और ट्रांजैक्शन की कड़ियों को खंगाल रही है ताकि ठगों के नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।







