हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मौदहा बिजली सब स्टेशन में तैनात एसडीओ (SDO) आरके वर्मा को बेटे की चाहत में घाटमपुर सीएचसी (CHC) से बच्चा चोरी कराने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ मानव तस्करी और अपहरण की साजिश का मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो बेटियों के पिता एसडीओ आरके वर्मा ने बेटा न होने पर पुखरायां में तैनात एएनएम गीता को 5 लाख रुपये का प्रलोभन देकर नवजात बच्चा चोरी करने की सुपारी दी थी। लालच में आकर एएनएम गीता ने 11 मई की रात घाटमपुर सीएचसी से एक बच्चा चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया था। पुलिस ने तब एएनएम को जेल भेजकर मामले की विवेचना शुरू की थी।
पूछताछ और जांच के दौरान एएनएम ने खुलासा किया कि उसने यह कदम एसडीओ आरके वर्मा के कहने और 5 लाख रुपये के लालच में उठाया था। नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस आरोपी अधिकारी की तलाश में जुटी थी। रविवार रात घाटमपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी एसडीओ को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।







