हाथरस: सादाबाद थाना पुलिस ने सैन्य कर्मी की हत्या के मामले में तेज कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड के पीछे प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश सामने आई है। मामले की जानकारी एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रेस को दी।
घटना 5 फरवरी की है। समदपुर निवासी डौली कुमारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई अखिलेश कुमार भारतीय सेना में तैनात था। वह हाथरस न्यायालय में एक मामले की पेशी के बाद अपने मित्र की कार से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान आगरा-अलीगढ़ रोड पर चन्द्रा फार्म हाउस के पास ईको कार और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिससे अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना पुलिस सहित कुल पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने करीब 290 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान की। इसके बाद शनिवार को कुरसंडा मोड़ के पास गोरी गोपाल ढाबा से बॉबी उर्फ विशाल पुत्र रमेश चंद्र और राजा उर्फ राहुल, दोनों निवासी ग्राम समदपुर, को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक अखिलेश कुमार ने उनकी बुआ की बेटी से प्रेम विवाह किया था, जिससे उनके परिवार को सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अखिलेश की हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने बताया कि अखिलेश के हाथरस न्यायालय आने की जानकारी मिलने पर उन्होंने उसकी रैकी की और आगरा-अलीगढ़ रोड पर मौका देखकर उसे गोली मार दी।






