लखनऊ। राजधानी के बीबीडी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक चौंकाने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सलारगंज स्थित शिवम ग्रीन सिटी में लिव-इन में रह रहे युवक सूर्य प्रताप सिंह (32) की उसकी प्रेमिका रत्ना देवी ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सूर्य प्रताप सिंह और रत्ना देवी बीते चार वर्षों से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे। सूर्य प्रताप मूल रूप से देवरिया के पर्शिया भीखा मरखड़ा गांव के निवासी थे। उनके पिता नरेन्द्र सिंह मैक्स हॉस्पिटल, गोमतीनगर में चालक के पद पर कार्यरत हैं और परिवार जानकीपुरम सहारा स्टेट में रहता है। रत्ना देवी अपनी दो बेटियों—18 वर्षीय अनुष्का और 15 वर्षीय जानवी—के साथ सूर्य प्रताप के घर में किराए पर रह रही थी। घटना के समय दोनों बेटियां भी मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार सूर्य प्रताप सिंह एवरेडी कंपनी में एग्जिक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। करीब 22 वर्ष की उम्र में वह जानकीपुरम की आकांक्षा कॉलोनी में रत्ना देवी की बेटियों को ट्यूशन पढ़ाने जाते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और रिश्ता लिव-इन-रिलेशनशिप तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के बयानों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने रत्ना देवी के खिलाफ तहरीर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की विवेचना जारी है।







