चंदौली। सैयदराजा में शनिवार को पुलिस ने एक ट्रक से 70 लाख रुपये मूल्य की शराब बरामद की। शराब को प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर मध्य प्रदेश से बिहार के दरभंगा ले जाया जा रहा था। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, स्वाट टीम प्रभारी राम जनम यादव और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। सूचना मिलने पर जेठमलपुर तिराहा के पास प्याज लदे ट्रक को रोका गया। चालक हरिओम धाकड़ ने दावा किया कि ट्रक में प्याज है, लेकिन जांच में 407 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पिछले एक माह में जिले में चौथी बार शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। इनमें से तीन बार सैयदराजा क्षेत्र में ही तस्करी का खुलासा हुआ। तस्कर कभी प्याज की बोरी, कभी कागज के गट्ठर और कभी पुट्टी की बोरी में शराब छिपाकर ले जाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वे पकड़े गए।
- 2 मार्च को अलीनगर पुलिस ने आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर 1028 पेटी शराब पकड़ी थी, जिसकी कीमत 1.68 करोड़ रुपये थी।
- 9 मार्च को सैयदराजा पुलिस ने कागज के गट्ठर में छिपाकर 849 पेटी शराब बरामद की, कीमत 1.40 करोड़ रुपये।
- 14 मार्च को पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर 710 पेटी शराब पकड़ी गई, कीमत 1.20 करोड़ रुपये।
- 22 मार्च को प्याज की बोरियों में छिपाकर 407 पेटी शराब बरामद हुई, कीमत 70 लाख रुपये।
इस तरह एक माह में कुल 4.98 करोड़ रुपये मूल्य की शराब बरामद हो चुकी है। लगातार कार्रवाई के चलते स्वाट और सर्विलांस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम भी दिया गया है।







