भदोही। भदोही जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बनपुरवा जंगला गांव में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में दो सगे भाइयों समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बनपुरवा जंगला गांव निवासी आशीष यादव अपने छोटे भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंगलवार सुबह पट्टे की जमीन पर बैरियर लगाने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान करीब दस बजे जमीन को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी।
गोली लगने से आशीष यादव (26), उनका छोटा भाई अखिलेश (22) समेत राजनाथ (45) और नन्हेलाल (40) घायल हो गए। सभी को सरकारी एंबुलेंस से औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही आशीष यादव ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें छोटे भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस का खोखा बरामद किया है। मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है।
परिजनों का कहना है कि यह विवाद पुश्तैनी जमीन, अवैध कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर वर्षों से चला आ रहा है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुराने जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं। मामले में संदिग्धों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है और शेष आरोपी की तलाश जारी है।







