फाजिल्का (पंजाब)- पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने फाजिल्का में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान स्वर्ण सिंह के रूप में हुई है।
मामला उस समय सामने आया जब गांव गागनके निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी कि उसके घर का बिजली मीटर खराब होने के बाद संबंधित अधिकारी बिल और जुर्माने को लेकर अनावश्यक दबाव बना रहा है। शिकायत के मुताबिक अधिकारी ने अधिक बिल और पेनल्टी लगाने की बात कहकर मामला निपटाने के लिए पैसों की मांग की।
विजिलेंस टीम ने प्रारंभिक जांच के बाद ट्रैप की योजना बनाई। तय स्थान पर जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से चार हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर की गई।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। विजिलेंस ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







