शाहकोट (पंजाब ): जालंधर ग्रामीण पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। शाहकोट पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि यह कार्रवाई डीएसपी शाहकोट ओंकार सिंह बराड़ की देखरेख में की गई। शौकत अली उर्फ शौकी, निवासी रेरवान, ने मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत थाना शाहकोट प्रभारी इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर को दी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ चोरी का वीडियो
मामले ने तब तूल पकड़ा जब चोरी की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्परता से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी और अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
तुरंत हुई गिरफ्तारी
उसी दिन शाहकोट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
रिमांड पर लिए गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही, पहले की गई अन्य चोरियों के सुराग भी तलाशे जा रहे हैं।
असली मालिकों की हो रही पहचान
बरामद मोटरसाइकिलों के असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।







