रुद्रपुर। आवास विकास कॉलोनी निवासी रेखा सिंह ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ अपने पति को टक्कर मारने के मामले में कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
तहरीर में रेखा सिंह ने बताया कि 13 जून को उनके पति अरुण सिंह नवीन मंडी में सब्जी लेने गए थे। स्कूटी साइड में खड़ी कर पैदल जाते समय पीछे से एक ई-रिक्शा चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अरुण सिंह की पसलियां और हाथ टूट गया तथा शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां उचित इलाज न मिलने पर उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







