शिवपुरी – शिवपुरी के बदरवास थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दो वर्ष पूर्व एक पारिवारिक समारोह के दौरान युवती की मुलाकात राजगढ़ जिले के एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने विवाह का वादा कर उसे अपने साथ ले जाकर साथ रहने के लिए मजबूर किया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उससे जबरन संबंध बनाए गए और शादी की मांग करने पर उसे धमकाया गया। बाद में युवती ने एक बच्चे को जन्म भी दिया।
पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने गांव पहुंची और थाने में पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विशेष टीम गठित की और आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी।
थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और पीड़िता को आवश्यक कानूनी व अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।







