गुरुग्राम: नूंह में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के रिटायर्ड अवर विश्लेषक मनोज कुमार गोयल के खाते से करीब 5 लाख रुपये धोखाधड़ी कर लिए गए। यह घटना 16 जुलाई 2025 को हुई थी, लेकिन पुलिस ने लंबित रहने के कारण 14 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की।
पीड़ित मनोज कुमार गोयल ने बताया कि उन्होंने 31 मई 2025 को रिटायरमेंट के बाद HDFC बैंक में सरकारी राशि प्राप्त की थी। 16 जुलाई को उन्हें वाट्सएप पर ‘ट्रैफिक ई चालान APK’ नामक मैसेज आया, जिसमें ट्रैफिक पुलिस का लोगो लगा था। मैसेज खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से 4,90,007 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद नूंह साइबर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन एसआई संजीत की लापरवाही के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर उन्होंने पंचकूला हेडक्वार्टर में आईजी (क्राइम) राकेश आर्य को शिकायत दी। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया। साइबर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि शिकायत देने के लिए पीड़ित खुद नहीं आए थे, किसी अन्य व्यक्ति को भेजा गया था।







