उत्तरप्रदेश। बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मेमौर गांव में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने एक अनजान व्यक्ति को चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
अंजान को ड्रोन चोर समझ की मारपीट
मेमौर गांव में हाल ही में ड्रोन देखे जाने की खबरों से लोग पहले ही डरे हुए थे। ऐसे में बृहस्पतिवार तड़के एक अनजान व्यक्ति को गांव में घूमते देख ग्रामीणों ने उसे ड्रोन चोर समझ लिया। भीड़ ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा और बाद में ई-रिक्शा से एक जगह ले जाकर फिर मारपीट की गई।
घायल ने इलाज़ के दौरान तोड़ा दम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला सामने आते ही पुलिस के होश उड़ गए और वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए।
आठ ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने गांव के निर्दोष, लालता प्रसाद, धर्मेंद्र, विकास और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, ई-रिक्शा चालक हरि प्रसाद को हिरासत में लेकर उसके रिक्शा को सीज कर दिया गया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।







