ममदोट। पंजाब के सीमावर्ती इलाके ममदोट में नाई की दुकान चलाने वाला एक युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जांच में पता चला कि युवक और उसका साथी पाकिस्तान से विदेशी हथियार मंगवाकर अवैध रूप से बेच रहे थे। पुलिस ने आरोपी की दुकान से दो विदेशी पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के साथी की तलाश जारी है।
ममदोट के गांव कड़मा में 22 वर्षीय युवक साजन, जो स्थानीय नाई की दुकान चलाता है, अपने साथी के साथ मिलकर पाकिस्तान से अवैध हथियार मंगवाने और उन्हें बेचने के मामले में गिरफ्तार हुआ। पुलिस को सूचना मिलने पर दुकान पर छापेमारी की गई, जिसमें साजन के पास से .9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, बरेटा पिस्तौल, दो मैगजीन और छह कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि साजन और उसका साथी हथियारों के धंधे के साथ-साथ अन्य अपराधिक गतिविधियों में भी लिप्त हैं। गिरफ्तार युवक की नाई की दुकान एक कवर के रूप में काम कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के साथी के खिलाफ भी कई मामले दर्ज किए हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है।
एसएसपी ने चेतावनी दी कि युवाओं को जल्दी पैसा कमाने के लालच में हेरोइन और अवैध हथियार जैसे खतरनाक धंधों में नहीं पड़ना चाहिए, क्योंकि इसका अंजाम जेल की सलाखों तक हो सकता है।







