गुरुग्राम। गुरुग्राम के नाथूपुर गांव में बृहस्पतिवार तड़के एक 21 वर्षीय युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के समसपुर गांव का निवासी था। वह नाथूपुर गांव में एक मकान में किराये पर रह रहा था।
घटना की जानकारी पुलिस को सुबह करीब 3 बजे मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि राहुल के गले पर किसी तेजधार हथियार से गहरा घाव था और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।







