नोएडा। ग्रेटर नोएडा की दादरी कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गांव बोडाकी में संचालित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1500 किलो विस्फोटक सामग्री, बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखे तथा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए। बरामदगी में रासायनिक पाउडर, मशीनें, पैकिंग सामग्री और यहां तक कि डेटोनेटर तार तक शामिल हैं।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन मकान में बिना लाइसेंस लंबे समय से पटाखों का निर्माण चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में गाजियाबाद निवासी रामलखन (33), आजाद (20) और बहराइच निवासी राजेंद्र (19) को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे कब से इस काम में शामिल हैं और किनसे जुड़े हुए हैं।
पुलिस जांच में फैक्ट्री से 1004 किलो तैयार पटाखे (अनार), 100 बोरी अधबने नलकी पटाखे और दर्जनों किलो खतरनाक रसायन जैसे मैग्नीशियम पाउडर, स्मैक लेस पाउडर, कटन पाउडर, टीआई पाउडर और सिल्लीकेट जब्त किए गए। इसके अलावा गोंद, पीओपी, फेविकॉल, डब्ल्यू पाउडर, पैकिंग सामग्री और उपकरण भी बरामद किए गए। मौके से कई मशीनें, इलेक्ट्रिक कांटा, हथौड़ियां, स्प्रे मशीन और डेटोनेटर तारों के बंडल भी मिले।
पुलिस का कहना है कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक सामग्री जमा करना बेहद खतरनाक था। हल्की सी चिंगारी भी बड़ा हादसा करा सकती थी। दीपावली से पहले इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने सख्त निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि बिना लाइसेंस पटाखे बनाने या बेचने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







