टिहरी गढ़वाल। टिहरी जनपद से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लस्याल गांव में एक युवक पर उसकी मां, भाई और भाभी द्वारा मिलकर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। हमले में युवक को दोनों हाथ गंवाने पड़े। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक अंग्रेज सिंह पुत्र स्वर्गीय गजे सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि किसी पारिवारिक विवाद के चलते उसकी मां जेठी देवी और भाभी ने बड़े भाई पूरब सिंह को मुंबई से गांव बुलाया। शुक्रवार देर रात गांव पहुंचने के बाद तीनों ने मिलकर उस पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार हमले के दौरान उसके दोनों हाथों पर लगातार वार किए गए, जिससे हालत बेहद गंभीर हो गई। आरोप है कि गले पर भी धारदार हथियार से वार किया गया। हमले के बाद अंग्रेज सिंह शनिवार सुबह से दोपहर तक गांव में ही दर्द से तड़पता रहा। बाद में उसका भाई पूरब सिंह ही उसे 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर लेकर पहुंचा।
बेलेश्वर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने हालात गंभीर बताते हुए जीवन बचाने के लिए उसके दोनों हाथ काटने का निर्णय लिया। उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया।
घटना के बाद सोमवार को किसी तरह गांव लौटे अंग्रेज सिंह ने मंगलवार को चमियाला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसे तहसील घनसाली भेजा गया और अंततः थाना घनसाली में तहरीर के आधार पर उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
थाना घनसाली पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों को रिश्तों की इस भयावह सच्चाई पर सोचने को मजबूर कर दिया है।







