शादी की खबर लगते ही भड़का आरोपी, हत्या के बाद थाने जाकर खुद कबूल किया गुनाह
अमृतसर। बोपाराय गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात में एक पिता ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात की है, जिसके बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाज सिंह को अपनी बेटी सुखप्रीत कौर और युवक जोबनजीत सिंह के बीच प्रेम संबंधों की जानकारी हाल ही में लगी थी। बताया गया है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज करने की कोशिश की थी, लेकिन लड़की के एक रिश्तेदार ने उन्हें पहचान लिया और इस बारे में आरोपी को सूचित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद आरोपी ने गुस्से में आकर देर शाम दोनों को पकड़ लिया। पहले उन्हें करंट देकर गंभीर रूप से घायल किया गया और फिर तेजधार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई। घटना की पुष्टि होते ही पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी कह रहे हैं कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गांव में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है, जहां लोग ‘इज्जत’ के नाम पर हुए इस दोहरे हत्याकांड से स्तब्ध हैं।







