हरिद्वार: जिले के सिडकुल थाना क्षेत्र में स्थित एक औद्योगिक इकाई से लाखों रुपये के तांबे और पीतल के सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जनवरी को पजानी भगवथीअप्पन, निवासी प्लॉट नंबर 16ए, सेक्टर बीबी सिडकुल ने थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी ग्रैपनेल्स इंडस्ट्रीज फैक्टरी में 19 और 20 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर पीतल और तांबे का सामान चोरी कर लिया।
जांच के दौरान सामने आया कि चोरी की वारदात फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज में एक युवक चोरी के सामान को ऑटो में लादकर मौके से फरार होता दिखाई दिया। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई बबलू चौहान को सौंपी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान वसीम निवासी जमालपुर खुर्द, कोतवाली रानीपुर के रूप में की। शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हर्षिता कॉलोनी से वसीम को चोरी किए गए तांबा और पीतल के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के एक अन्य साथी दानिश निवासी जमालपुर खुर्द की तलाश जारी है। चोरी में इस्तेमाल किए गए टेंपो को भी जब्त कर लिया गया है।







