ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में स्थित सुनपुरा गांव के एक प्राचीन जैन मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया धार्मिक सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मंदिर परिसर से चांदी की पांडुशिला, पूजा में प्रयुक्त कलश, नारियल और अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायत मंदिर प्रबंधन की ओर से दर्ज कराई गई, जिसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए टीम ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों का मंदिर से पूर्व में जुड़ाव रहा है, जिससे उन्हें परिसर और सामान की जानकारी थी। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई सभी धार्मिक वस्तुएं बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में एक मध्यप्रदेश के दमोह जिले का निवासी है, जबकि दूसरा बादलपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
बरामद की गई प्रतिमा और अन्य सामग्री को सुरक्षित रख लिया गया है। स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की है।







